150 नशीली ओनरेक्स सिरप के साथ दो पकड़ाए
बिलासपुर। दो युवक बाइक में सवार होकर नशीली ओनरेक्स सिरप बेचने के लिए निकले थे कि सिविल लाइन पुलिस ने तालापारा मरीबाई के पास दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से 150 ओनरेक्स सिरप व दो मोबाइल फोन के साथ बाइक को जप्त कर लिया हैं।
सिविल लाइन टीआई सुरेंद्र स्वर्णकार ने बताया कि गुरुवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक स्कूटी क्रमांक सीजी 10 एएल 4866 में सवार होकर नशीली दवाइयां बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। खबर मिलते ही उन्होंने एसआई राकेश पटेल, आरक्षक जय साहू सहित अन्य आरक्षकों की टीम बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर स्कूटी सवार युवकों की जानकारी जुटाई। तब पता चला कि संदेही युवक तालापारा मरीमाई की तरफ घूम रहे हैं। टीम ने घेराबंदी कर तारबाहर स्थित घोड़ादाना स्कूल के पास रहने वाले आदिल खान पिता रहीम खान (21) व भारतीय नगर निवासी मयंक पांडेय पिता सुरेंद्र पांडेय (20) को पकड़ लिया। इस दौरान उनकी स्कूटी की तलाशी ली गई, तब उसमें से बड़ी मात्रा में नशीली सिरप मिला।
पुलिस ने जांच के दौरान उनके पास से 150 ओनरेक्स सिरप बरामद किया। फिर उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले गए। पकड़े गए युवकों से स्कूटी के साथ ही उनके दो मोबाइल को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से नशीली दवाइयों के सप्लायरों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
