माध्यमिक शिक्षा मंडल : नहीं होगी दसवीं की परीक्षा, बारहवीं के लिए एग्जाम के 20 दिन पहले दी जाएगी सूचना
भोपाल
प्रदेश में इस बार माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं-बारहवीं की परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। माशिमं ने शुक्रवार को दोनो ही कक्षाओं की परीक्षाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि कोरोना संक्रमण के चलते हाई स्कूल परीक्षा वर्ष 2021 का आयोजन नहीं किया जाएगा। वहीं बारहवीं की परीक्षा को कोरोना संक्रमण सामान्य होने की स्थिति में आयोजित किया जाएगा। जिसकी सूचना परीक्षा के आयोजन के 20 दिन पहले दी जाएगी। इसके साथ ही माशिमं ने दसवीं के नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम जारी करने को लेकर तय किए गए मापदंड भी जारी कर दिए हैं। बता दें कि इन परीक्षाओं के आयोजन को लेकर लंबे समय से असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, जिसके चलते विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक परेशान थे।
