रिपोर्ट: गुजरात में 71 दिन में 1.23 लाख डेथ सर्टिफिकेट जारी किए गए

अहमदाबाद 
देशभर में जारी कोरोना कहर के बीच गुजरात से डराने वाले आंकड़े सामने आए हैं। गुजराती न्यूजपेपर ने सरकार द्वारा जारी किए गए डेथ सर्टिफिकेट (मृत्यु प्रमाणपत्रों) के आंकड़ों के आधार पर दावा किया है कि राज्य में पिछले साल इसी अवधि की तुलना में 1 मार्च से 10 मई के बीच करीब 61,000 अधिक मौतें हुई हैं। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद गुजरात में मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने जांच की मांग की है। 

रिपोर्ट के मुताबिक, 1 मार्च से 10 मई के बीच गुजरात में स्थानीय निकायों ने 123871 डेथ सर्टिफिकेट जारी किए हैं, जो पिछले साल की तुलना में करीब 65 हजार अधिक है। पिछले साल इसी अवधि के दौरान 58000 डेथ सर्टिफिकेट जारी किए गए थे। यह आंकड़ा गुजरात के 33 जिलों और आठ बड़े शहरों की नगर निकाय द्वारा जारी किए डेथ सर्टिफिकेट के आधार पर पेश किया है। वहीं सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान यानी 1 मार्च से 10 मई के बीच 33 जिलों में कोरोना वायरस से 4218 लोगों की मौतें हुई हैं। इन आंकड़ों के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर गुजरात में इतनी मौतें क्यों हो रही हैं। क्या कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़ों को कहीं कम करके तो नहीं दिखाया जा रहा। क्या इन मौतों का कोरोना से भी कोई कनेक्शन है? रिपोर्ट में भी ऐसी आशंका व्यक्त की गई है। शुक्रवार को गुजरात में कोरोना के 9995 नए केस मिले, जबकि 104 लोगों की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *