IPL 2021 के बचे मैच होने पर खेल सकते हैं जोफ्रा आर्चर

 लंदन 
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने चोट से उबर कर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने के बाद कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगर स्थगित इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) का कार्यक्रम फिर से बनता है तो वह इस साल भारत वापस जाएंगे। इंग्लैंड के भारत दौरे के दौरान इस 26 साल के क्रिकेटर की कोहनी की चोट गंभीर हो गई थी, जिसके बाद वह आईपीएल के पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। आर्चर ने चोट से उबर कर शानदार वापसी करते हुए ससेक्स की तरफ से केंट के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप मैच में गुरुवार को वापसी की और 13 ओवरों में 29 रन देकर दो विकेट लिए।

उन्होंने ससेक्स क्रिकेट यूट्यूब चैनल से कहा, 'अगर मैं भारत जाता(चोट से उबरने के बाद) तो भी शायद जल्दी घर वापस आ जाता। उम्मीद है, अगर इस साल आईपीएल के बचे हुए मैच होते हैं तो मैं फिर से जा सकूंगा।' उन्होंने कहा, 'भारत नहीं जाने का फैसला मुश्किल था। यह कुछ ऐसा था जिसका अनुमान लगाना मुश्किल था। मैं वहां जाता तो भी पता नहीं था कि कितने मैच खेलता।' आईपीएल बायो बबल(जैव सुरक्षित) में कोरोना वायरस मामलों के बढ़ने के बाद इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था।
 
राजस्थान रॉयल्स के इस खिलाड़ी ने कहा, 'राजस्थान रॉयल्स और इंग्लैंड की टीम ने मेरे फैसले का समर्थन किया। आप वैसे ही अच्छे रिश्ते बनाना चाहते है जैसा कि(राजस्थान) रॉयल्स के साथ मैंने पिछले तीन साल में बनाया है।' लगभग डेढ महीने में पहली बार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेल रहे आर्चर ने जॉक क्राउली और केंट के कप्तान बेल ड्रमंड को आउट किया और विरोधी टीम को 145 रन पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *