टोक्यो ओलपिंक में जाने वाले पांच एथलीट कोरोना पॉजिटिव

नई दिल्ली
 टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके पैदल चाल के एथलीट केटी इरफान सहित ट्रैक एवं फील्ड के पांच एथलीटों को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के बेंगलुरु स्थित उत्कृष्टता केंद्र में कोरोना वायरस जांच में पॉजिटिव पाया गया। यह जांच पिछले शुक्रवार को की गई थी और इसमें संक्रमित पाए जाने वाले खिलाड़ियों को क्वारंटाइन में रखा गया है।

साई के एक सूत्र ने कहा, 'पिछले शुक्रवार को की गई जांच में कम से कम पांच शीर्ष एथलीटों को कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया। इन खिलाडि़यों को दूसरों से अलग रखा गया है।' इस सूत्र ने कहा कि एक अन्य पैदल चाल खिलाड़ी भी जांच में पॉजिटिव है, लेकिन उसके नाम की पुष्टि नहीं की जा सकी।

साई के सूत्र ने कहा, 'चार पुरुष खिलाड़ी और एक महिला खिलाड़ी के अलावा सहयोगी स्टाफ के चार सदस्यों को कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाया गया। महिला खिलाड़ी अपने घर से केंद्र आई थी। खिलाडि़यों की जांच छह मई को की गई और सात मई को उसका नतीजा मिला। इन सभी ने 29 अप्रैल को कोराना वायरस से बचाव के लिए वैक्सीन की पहली डोज ली थी। एक पुरुष खिलाड़ी और एक महिला खिलाड़ी का वैक्सीनेशन नहीं किया गया था। उनकी जांच 10 मई को की गई और कल (शुक्रवार) उनका परिणाम आएगा।'

यह पता चला है कि महिला पैदल चाल एथलीटों में कोई भी जांच में संक्रमित नहीं मिला है। जापान के नोमी में एशियाई पैदल चाल चैंपियनशिप के 20 किमी के आयोजन में 31 साल के इरफान ने चौथे स्थान पर रहने के बाद 2019 में टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया था। साई के सूत्र ने कहा कि एक खिलाड़ी को छोड़कर इस केंद्र में अभ्यास कर रही पूरी हॉकी टीम जांच में निगेटिव आई है। उन्होंने खिलाड़ी का नाम लिए बगैर कहा, 'इस खिलाड़ी की कल (शुक्रवार) फिर से जांच की जाएगी।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *