मुख्तार अंसारी ने जेल में ही कोरोना को हराया, रिपोर्ट निगेटिव आई

बांदा
बांदा जेल में बंद माफिया डॉन विधायक मुख्तार अंसारी को ईद से एक दिन पहले खुशखबरी मिली है। उनकी कोरोना वायरस रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। वह अब कोरोना के संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। जेल के अंदर ही रहते हुए मुख्तार ने कोरोना को हरा दिया है।  उत्तर प्रदेश के साथ ही अन्य राज्यों में भी करीब 50 आपराधिक केस में नामजद मऊ से विधायक मुख्तार अंसारी बीते दिनों संक्रमित हो गए थे। उनके साथ ही जेल के कई और बंदियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। जिला जेल प्रशासन को गुरुवार को मिली मुख्तार अंसारी की कोरोना वायरस संक्रमण की रिपोर्ट में उनका टेस्ट निगेटिव आया है। बांदा जिला जेल में दिन के समय मुख्तार अंसारी का अधिकांश समय जेल में बैरक के बाहर पेड़ के नीचे चटाई पर बीतता है।

बीते दिनों चिकित्सीय परीक्षण में भी कोरोना को लेकर सब सामान्य था, लेकिन ब्लड शुगर लेवल बढ़ा था। इस बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से भी मऊ, आजमगढ़ और पंजाब में चल रहे केसों की सुनवाई चलती है। मुख्तार को बीती आठ अप्रैल को पंजाब की रूपनगर जेल से बांदा जेल की बैरक नम्बर 15 में शिफ्ट किया गया था। उसके बाद से मुख्तार की गहन निगरानी होती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *