मुख्यमंत्री चौहान ने वरिष्ठ पत्रकार शिव अनुराग पटेरिया के निधन पर शोक व्यक्त किया

 भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वरिष्ठ पत्रकार शिव अनुराग पटेरिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिवार को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री चौहान ने वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पटेरिया के पुत्र प्रखर पटेरिया से फोन पर बात कर सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस गहन दु:ख के क्षणों में व्यक्तिगत रूप से शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। उन्होंने प्रखर पटेरिया को धैर्य रखने और इस गहन दु:ख को हिम्मत के साथ सहन करने के लिए कहा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वे और उनकी सरकार, परिवार के साथ हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमने एक जुझारू, विलक्षण और शानदार पत्रकार को खो दिया है। पटेरिया पत्रकारिता के साथ-साथ पत्रकारिता और जनसंचार के अध्यापन में भी लंबे समय तक सक्रिय भूमिका में रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता के माध्यम से देश और समाज की जो सेवा की है वह अमूल्य है। उनका निधन पत्रकार जगत के लिए बड़ी क्षति है। समाज और मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले पत्रकार के रूप में वे याद किए जाएंगे।

स्वर्गीय पटेरिया शानदार पत्रकार के साथ जाने-माने लेखक भी थे। पटेरिया 30 से भी अधिक लोकप्रिय पुस्तकें लिख चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *