चाचा-भतीजी ने ट्रेन से कटकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

 बरेली 
 उत्तर प्रदेश में बरेली के बिलपुर में चाचा-भतीजी ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। दोनों शाहजहांपुर के जैतीपुर थानाक्षेत्र के एक गांव के रहने वाले थे। परिवार वाले इस मामले में कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं हैं। हर कोई इस घटना के बाद स्तब्ध है। गांव में मातम का माहौल है। तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।

बिलपुर के कीमैन राजू ने सुबह करीब पांच बजे ट्रैक पर दोनों शव पड़े देख अफसरों को सूचना दी। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने लुक एंड गो काशन पर ट्रेन भेजकर दिखवाया। ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। फतेहगंज पूर्वी थाने की पुलिस को सूचित किया गया। करीब दो घंटे बाद सुबह सात बजे कोतवाल विजय कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों के पास से एक-एक मोबाइल बरामद किया। युवक के पास से मिले मोबाइल से परिजनों से संपर्क कर खबर दी। इसके बाद शव पोस्टमार्टम को भेजे।

पुलिस के मुताबिक युवक की उम्र करीब 22 साल तो लड़की की 15 साल है। युवक रिश्ते में चाचा तो लड़की उसकी भतीजी लगती थी। परिवार के लोगों को इस अनहोनी पर विश्वास नहीं हो रहा है। वे इस मामले में कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं हैं। गांव में हत्या कर शव ट्रैक पर फेंके जाने की भी चर्चा चल रही थी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इधर, इस हादसे की सूचना क्षेत्र में फैल गई तो बाइक व ट्रैक्टरों से मौके पर सैकड़ों लोग पहुंचकर जमा हो गए। जिनको काबू में करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 8 बजे के बाद ही ट्रेनों का संचालन सुचारू हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *