रैन बसेरा में नहीं मिल रहा गरीबों को भरपेट भोजन
पटना
गरीबों को सामुदायिक रसोई के माध्यम से खाना दिया जा रहा है। गरीबों को सुबह दोपहर और शाम का खाना खिलाने की सम़़ुचित व्यवस्था की गई है, लेकिन राजधानी पटना के मलाही पकड़ी चौक पर स्लम और सड़क पर जिन्दगी गुजार रहे लोगों का कहना है कि उन्हें मुश्किल से एक टाइम का खाना दिया जा रहा है। मंगलवार को दोपहर का खाना नहीं मिलने पर मजदूरों ने विरोध जताया और हंगामा करने लगे। मजदूरों का कहना है ज्यादा खाने पर भगा देते हैं। दोपहर में जब कोई मजदूर काम करके आता है तो उनके सामने रैन बसेरा का गेट बंद कर दिया जाता है। बच्चों को भी भूखा रहना पड़ रहा है।
मलाही पकड़ी के पास रहने वाली चिंता देवी बताती है कि कार्यपालक अधिकारी कहते हैं कि यह खाना सिर्फ नगर निगम के कर्मचारी के लिए बनता है। उन्हें नहीं दिया जाएगा। मजदूर राजा बताते हैं कि वे मजदूर हैं। मजदूरी करके आते हैं तो अधिक भूख लगती है। ज्यादा खा लेते हैं तो परसन नहीं मिलता। दुत्कार उन्हें भगा दिया जाता है। सभी मजदूरों को पैकेट में खाना बांट दिया जाता है, जबकि सरकार द्वारा कहा गया था कि बैठाकर खाना खिलाया जाएगा।
