साढ़े 13 लाख से अधिक किसानों से समर्थन मूल्य पर एक करोड़ मी. टन गेहूँ-चना की खरीदी

 भोपाल

राज्य शासन द्वारा रबी उपार्जन में किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूँ, चना, मसूर और सरसों की खरीदी की जा रही है। प्रदेश में बनाए गए 5171 उपार्जन केन्द्रों पर अब तक 13 लाख 54 हजार 497 किसानों से एक करोड़ मीट्रिक टन से अधिक गेहूँ, चना एवं मसूर की खरीदी की जा चुकी है।

रबी उपार्जान की प्रगति

रबी उपार्जन में इस बार 35 लाख 79 हजार 423 किसानों ने अपना पंजीयन करवाया। इसमें से 35 लाख 64 हजार 569 किसानों का पंजीयन वेरीफाई हुआ। खरीदी के लिए 5735 उपार्जन केन्द्र बनाये गये। इनमें से 5171 केन्द्र सक्रिय हैं। इनमें से गेहूँ के लिए 4657 केन्द्र और चना, मसूर एवं सरसों के लिए 514 केन्द्रों पर खरीदी का कार्य हो रहा है। फसल खरीदी के लिए 32 लाख 74 हजार 625 किसानों को एसएमएस किये गये।

अब तक 13 लाख 12 हजार 605 किसानों से 99 लाख 38 हजार 29 मीट्रिक टन गेहूँ, 41 हजार 850 किसानों से एक लाख 10 हजार 480 मीट्रिक टन चना और 37 किसानों से 17 मीट्रिक टन मसूर की खरीदी की जा चुकी है। इस प्रकार अभी तक एक करोड़ 48 हजार 526 मीट्रिक टन उपज समर्थन मूल्य पर क्रय की जा चुकी है, जिसका मूल्य 20 हजार 191 करोड़ रूपये है। इसमें से 15 हजार 476 करोड़ रूपये का भुगतान संबंधित कृषकों को किया जा चुका है। क्रय की गई उपज में से 92 लाख 64 हजार 858 मीट्रिक टन का परिवहन भी किया जा चुका है।

प्रमुख सचिव खाद्य श्री फैज अहमद किदवई ने बताया कि कोरोना संकट काल में किसानों से खरीदी का कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए शासन द्वारा प्रत्येक खरीदी केन्द्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करवाये गये। केन्द्रों पर किसानों की भीड़ न लगे, इसके लिए किसानों को एसएमएस कर केन्द्र पर आने की सूचना दी गई। इस बार खरीदी केन्द्रों पर कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करवाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *