बीयू: 12.5 हजार स्टूडेंट्स होंगे फर्स्ट ईयर के प्राइवेट एग्जाम में शामिल
भोपाल
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय अपनी सभी परीक्षाएं ओपन बुक सिस्टम से लेगा। बीयू की प्रथम वर्ष की प्राइवेट परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब साढ़े 12 हजार विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं। उनके साथ दूसरे वर्ष की परीक्षाएं जुलाई में होगी, लेकिन अंतिम वर्ष की परीक्षाएं जून में कराई जाएंगी।
बीयू आठ जिलों के 225 केंद्रों पर यूजी-पीजी की ओपन बुक सिस्टम से होने वाली परीक्षाओं की कॉपियां जमा कराएगा। पूरी परीक्षा में दो लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। इसमें सिर्फ प्रथम वर्ष की प्राइवेट परीक्षा में करीब साढ़े 12 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे जबकि दूसरे और तीसरे वर्ष में करीब तीस हजार विद्यार्थी शामिल होंगे।
हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते प्राइवेट परीक्षा में गत वर्ष की अपेक्षा करीब तीन हजार आवेदन कम जमा हुए हैं। प्राइवेट परीक्षाएं नियमित विद्यार्थियों के साथ ओपन बुक सिस्टम से ही कराई जाएंगी। प्रथम से तीसरे वर्ष की प्राइवेट परीक्षा में करीब 42 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे।
बीयू द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की वार्षिक परीक्षा एवं पूरक परीक्षा के लिए आवेदन की संशोधित तारीख जारी की गई है। इसके अनुसार बीए, बीकॉम, बीएससी, होमसाइंस, बीए मैनेजमेंट, बीबीए, बीसीए, बीकॉम आनर्स के विद्यार्थी बीस मई तक फार्म जमा कर सकते हैं। विद्यार्थी एक हजार रुपये विशेष विलंब शुल्क के साथ 21 मई को आवेदन कर सकेंगे।
परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की कॉपियां आठ जिलों के 225 कॉलेजों में जमा की जाएंगी। विद्यार्थी बीयू से संबद्धता प्राप्त किसी भी कॉलेज में अपनी कॉपियां जमा कर पाएंगे। नोडल कॉलेज प्रोफेसरों की टीम बनाकर उक्त कॉलेजों से कॉपियां अपने पास बुलाएगा। इसके बाद बीयू अपने गोपनीय वाहन से मूल्यांकन कराने लेकर आएगा। बीयू की सीमाओं से बाहर रहने वाले विद्यार्थी उपकुलसचिव के नाम से डाक के माध्यम से कॉपियों को बीयू भेज सकते हैं।
