भारत के पास इंग्लैंड में सीरीज जीतने का शानदार मौका -राहुल द्रविड़

 नई दिल्ली

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ का मानना है कि टीम इंडिया के पास इस बार इंग्लैंड में सीरीज जीतने का सबसे बेहतर अवसर है। द्रविड़ ने कहा कि भारत इस साल इंग्लैंड के दौरे में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-2 से जीत दर्ज करेगा और टीम के पास 2007 के बाद ब्रिटेन में जीत दर्ज करने का यह सर्वश्रेष्ठ मौका है। द्रविड़ इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतने वाले आखिरी भारतीय कप्तान थे।

ईएसपीएन क्रिकइन्फो के अनुसार द्रविड़ ने एक वेबीनार के दौरान कहा, ‘‘मुझे वास्तव में लगता है कि इस समय भारत के पास सर्वश्रेष्ठ मौका है।’’ यह वेबीनार कोविड-19 से प्रभावित लोगों की मदद कर रहे लाइव ऐड इंडिया नाम ट्रस्ट ने आयोजित किया था। बेंगलुरू स्थिति नेशनल क्रिकेट एकेडमी के प्रमुख द्रविड़ ने कहा कि रविचंद्रन अश्विन बनाम बेन स्टोक्स का मुकाबला इस सीरीज को और दिलचस्प बनाएगा। इंग्लैंड की टीम इस साल फरवरी-मार्च में भारत में 4 टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-1 से हारी थी।

द्रविड़ ने कहा, ‘‘उनकी (इंग्लैंड) गेंदबाजी को लेकर कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। इंग्लैंड जैसा भी गेंदबाजी आक्रमण विशेषकर तेज गेंदबाजी आक्रमण को उतारेगा वह शानदार होगा। उनके पास कई विकल्प हैं। लेकिन यदि आप उनके शीर्ष छह या सात बल्लेबाजों पर गौर करो तो आप वास्तव में एक विश्वस्तरीय बल्लेबाज के बारे में सोचोगे और वह जो रूट है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *