ओलंपिक में पदक विजेता की रेस में भारत आगे : मनप्रीत सिंह

बेंगलुरु
 भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह का मानना है कि आगामी ओलंपिक में उनकी टीम के पास पदक जीतने का सर्वश्रेष्ठ मौका होगा क्योंकि उन्हें टोक्यो खेलों के दौरान टीम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद है।

भारतीय टीम अतीत में हॉकी में आठ स्वर्ण पदक जीत चुकी है लेकिन टीम ने अपना पिछला स्वर्ण 1980 में मास्को ओलंपिक में जीता था। मनप्रीत ने 23 जुलाई से शुरू होने वाले टोक्यो ओलंपिक की 75 दिन की उलटी गिनती के मौके पर कहा, 'हमारा मानना है कि हमारे पास ओलंपिक में पदक जीतने का सर्वश्रेष्ठ मौका है और यह विश्वास सभी को प्रेरित और आशावान बना रहा है। हमारी ट्रेनिंग की योजना इस तरह बनाई गई है कि हम सही समय पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और टोक्यो के गर्म हालात से सामंजस्य बैठाने के लिए हम सूरज की रोशनी में कई घंटे बिता रहे हैं।'

मनप्रीत ने कहा कि जर्मनी और स्पेन के खिलाफ एफआइएच प्रो लीग मुकाबले कोरोना वायरस महामारी के कारण स्थगित होने से टीम को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा, 'जर्मनी और स्पेन के खिलाफ एफआइएच प्रो लीग मुकाबले भी स्थगित होने से हम बेहद निराश थे क्योंकि इन मुकाबलों से निश्चित तौर पर हमारी तैयारी में मदद मिलती। लेकिन हम समझ सकते हैं कि यह बेहद मुश्किल समय है और यात्रा से जुड़ी पाबंदियां हैं।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *