अस्पताल कर्मी ने 10 हजार रु लेकर दिया ऑक्सीजन का खाली सिलेंडर, हुआ गिरफ्तार 

शामली
कोरोना वायरस की मार से बेहाल उत्तर प्रदेश में योगी सरकार लोगों तक सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का दावा कर रही है। प्रदेश के शामली जिले में एक ऐसी घटना हुई है जिसने प्रदेश के स्वास्थ्य महकमे को शर्मसार कर दिया। यहां सरकारी अस्पताल के कर्मचारी पर आरोप है कि उसने कोरोना वायरस से पीड़ित मरीज के परिवार को दस हजार रुपए में ऑक्सीजन का खाली सिलेंडर बेच दिया। उस मरीज की कुछ घंटे बाद ही मौत हो गई। पुलिस ने शामली जिला अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट संजय कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जिला अस्पताल कर्मचारी संजय कुमार पर आरोप है कि उसने कोरोना पीड़ित मरीज सत्यवान सिंह के परिवार से ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए 50 हजार रुपए की मांग की। फिर गुरुवार को 10 हजार रुपए में यह सौदा तय हुआ।

 कोरोना मरीज को सिलेंडर लगाया गया लेकिन कुछ घंटे में ही उसकी मौत हो गई। मृतक सत्यवान सिंह की पत्नी ममतेश देवी ने कहा कि मेरे पति की जान बच सकती थी अगर सिलेंडर में पर्याप्त ऑक्सीजन होता। कहा कि पति की मौत होने क बाद सिलेंडर की जांच की तो वह खाली मिला। परिजनों ने इस पर अस्पताल में विरोध करते हुए हंगामा किया तो प्रशासन ने पुलिस को बुला लिया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने अस्पताल कर्मचारी संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ केस में भ्रष्टाचार की धाराएं लगाई गई हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *