तैयारी में  नीतीश सरकार जुटी कोरोना के साथ बाढ़ और सुखाड़ से निपटने की 

पटना 
बाढ़ और सुखाड़ पर सभी विधायकों एवं विधान पार्षदों से सरकार सलाह लेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसको लेकर संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विधायकों और विधान पार्षदों से उनके क्षेत्रों के संबंध में जल्द-से-जल्द सुझाव लें और उसपर अमल करें। मुख्यमंत्री शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों की समीक्षा की और कई निर्देश पदाधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि अपने राज्य में कभी बाढ़, कभी सुखाड़ की स्थिति बनी रहती है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बाढ़ एवं सुखाड़ की संभावना को देखते हुए पूरी तैयारी रखें। बाढ़ की स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों का टीम बनाकर सही आकलन करवाएं साथ ही प्रभावित लोगों की सूची बनाते समय पूरी पारदर्शिता बरतें। ताकि कोई भी पीड़ित लाभ से वंचित न रह जाए। बाढ़ राहत कार्यों में जिन-जिन पदाधिकारियों, कर्मचारियों, जीविका दीदियों का सहयोग लिया जाएगा उनका टीकाकरण अवश्य करवा लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण का अभी दौर चल रहा है। इससे लोगों का बचाव हमारी प्राथमिकता है। पूरा प्रशासन इसके लिए तत्परता से काम कर रहा है। इस विषम परिस्थिति में सबको मिल जुलकर काम करना है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से सुरक्षा के लिए बचे हुए सभी कटाव निरोधक कार्य एवं बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य को जल्द पूरा करें। बाढ़ के दौरान तटबंधों के निगरानी के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। इसके लिए गश्ती कार्य नियमित रूप से हो। पथ निर्माण एवं ग्रामीण कार्य विभाग बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों की मरम्मती की पूर्ण तैयारी रखें। ग्रामीण सड़कें जो पहले से क्षतिग्रस्त हैं उनका भी मरम्मती कार्य जल्दी से पूर्ण करें। गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण के साथ-साथ उनको मेंटेन रखना भी उतना ही जरुरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *