विलारीयल और मैनचेस्टर यूरोपा लीग के फाइनल में

लंदन
 विलारीयल ने सेमीफाइनल के दूसरे चरण में आर्सेनल को गोलरहित बराबरी पर रोककर कुल 2-1 की जीत के साथ यूरोपा लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। विलारीयल फाइनल में मैनचेस्टर युनाइटेड से भिड़ेगा। फाइनल 26 मई को पोलैंड में खेला जाएगा। विलारीयल ने आर्सेनल के खिलाफ पहले चरण में 2-1 से जीत दर्ज की थी जो आखिर में निर्णायक साबित हुई।

विलारीयल के मैनेजर उनाइ एमरी इस तरह से यूरोपा लीग में चौथे खिताब से केवल एक कदम दूर हैं। उनके रहते हुए सेविया ने लगातार तीन खिताब जीते थे। एमरी इससे पहले आर्सेनल के मैनेजर थे। पिछले सत्र में आर्सेनल ने उन्हें पद से हटा दिया था। उनके रहते आर्सेनल दो साल पहले यूरोपा लीग के फाइनल में पहुंचा था।

वहीं, मैनचेस्टर युनाइटेड को रोमा के खिलाफ यूरोपा लीग के सेमीफाइनल के दूसरे चरण के मुकाबले में भले ही 2-3 से हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन वह कुल स्कोर के आधार पर 8-5 से जीत के साथ इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने में सफल रहा। मैनचेस्टर युनाइटेड की ओर से एडिंसन कवानी ने 39 वें मिनट में गोल कर बढ़त हासिल की। पहले हाफ में मैनचेस्टर युनाइटेड ने इस बढ़त को बनाए रखा।

दूसरे हाफ में हालांकि रोमा की ओर से एडिन डिजेको ने 57वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके तीन मिनट बाद ही ब्रियान क्रिस्टांटे ने 60वें मिनट में गोल कर 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। मैनचेस्टर युनाइटेड की ओर से एडिंसन ने 68वें मिनट में एक और गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर किया।

बराबरी हासिल करने के बाद दोनों टीमों ने बढ़त बनाने की कोशिश की।रोमा की तरफ से एलेक्स टेलेस ने 83वें मिनट में गोल कर टीम को 3-2 की बढ़त दिलाई और टीम ने इसे अंत तक कायम रखा। रोमा को भले ही इस मुकाबले में जीत मिली लेकिन पहले चरण के मुकाबले में हार का अंतर इतना ज्यादा था कि वह फाइनल में जगह बनाने से चूक गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *