अनास्तासिया को पराजित कर तीसरे खिताबी मुकाबले में पहुंचीं अर्याना, बार्टी से फाइनल में टकराएंगी

नई दिल्ली
दो हफ्ते पहले स्टुटगार्ट में खिताब के लिए टकराने वाली अर्याना सबालेंका और एशले बार्टी मैड्रिड ओपन के फाइनल में फिर आमने-सामने होंगी। हालांकि तब नंबर एक खिलाड़ी बार्टी चैंपियन बनीं थी। बेलारूस की सबालेंका इस बार उस हार का हिसाब बराबर करना चाहेंगी।

दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी सबालेंक ने एक घंटे तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में 41वें नंबर की रूसी खिलाड़ी अनास्तासिया पाव्ल्यूचेंको को 6-2,6-3 से पराजित कर सत्र के तीसरे फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने सत्र के शुरुआत में अबुधाबी ओपन जीता था। सबालेंका ने फाइनल तक के अपने सफर में अभी तक एक भी सेट नहीं गंवाया है। यह उनकी इस साल 29 मैचों में 23वीं जीत है।   

दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी राफेल नडाल को क्वार्टर फाइनल में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव के हाथों एक घंटे 45 मिनट तक चले मुकाबले में 4-6, 4-6 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। लगातार तीसरी बार चार बार के चैंपियन नडाल को घर में हारना पड़ा। ज्वेरेव का अब सेमीफाइनल में सामना ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम से होगा। दुनिया के नंबर चार खिलाड़ी थिएम ने अमेरिका के जॉन इस्नेर को तीन सेट के मुकाबले में 3-6, 6-3, 6-4 से पराजित किया। थिएम की यह इस्नेर पर चार मैचों में तीसरी जीत है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *