आज से सेना के हवाले बिहटा कोविड अस्पताल

पटना                                                               
ईएसआई बिहटा कोविड अस्पताल शुक्रवार से सेना के हवाले हो जाएगी। इसके लिए 80 सदस्यीय चिकित्सा कर्मियों का दल विशेष विमान से पटना पहुंच गया है। इसमें 25 विशेषज्ञ डॉक्टर, अन्य पारा मेडिकल और नर्सिंग स्टाफ हैं। सैन्य अधिकारियों के दल ने गुरुवार को बिहटा अस्पताल का निरीक्षण भी किया। अगले दो दिनों में यहां सौ बेड का अस्पताल शुरू किया जाएगा। एक सप्ताह में इसे बढ़ाकर 300 बेड किया जाएगा। उसके बाद परिस्थिति के हिसाब से यह संख्या 500 बेड की जाएगी। 

अस्पताल में चिकित्सा कर्मचारियों को मदद करने के लिए अतिरिक्त विशेषज्ञ, चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, प्रशिक्षित इन्फैंट्री बैटल फील्ड नर्सिंग सहायकों को अगले दो दिनों में आने की उम्मीद है। सेना के कुल 140 चिकित्सा कर्मी यहां तैनात होंगे। सैन्य अधिकारियों से बेहतर तालमेल के लिए उपसमाहर्ता अशोक तिवारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

 पटना में गुरुवार को कोरोना संक्रमितों के मिलने का नया रिकॉर्ड बना। एक दिन में अबतक का सबसे ज्यादा 3665 नए संक्रमित मिले। इससे पहले एक मई को सबसे ज्यादा 3024 संक्रमित मिले थे। पांच दिन में ही संक्रमितों का नया रिकॉर्ड बन गया। गुरुवार को 30 संक्रमितों की मौत हुई। बिहार में 15,126 नए संक्रमितों की पहचान हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *