ऑक्सीजन गैस सिलेंडर की कालाबाजारी में छह लोग गिरफ्तार

 लखनऊ  
लखनऊ के नाका और गोमतीनगर विस्तार में मंगलवार को ऑक्सीजन गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करते हुए छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। नाका में दो और गोमतीनगर में चार लोग पकड़े गये। गोमतीनगर विस्तार में आरोपी नाइट्रोजन गैस की पर्ची की आड़ में ऑक्सीजन गैस सिलेंडर की कालाबाजारी कर रहे थे। दोनों गिरोहों के पास भरे और खाली ऑक्सीजन गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं। पुलिस इनके फरार साथियों की तलाश कर रही है।

नाका इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्र के मुताबिक पकड़े गये आरोपियों में ऐशबाग निवासी अनिल सिंह, गोमतीनगर निवासी साजिद खान, बाराबंकी निवासी जितेन्द्र वर्मा और नीरज रावत शामिल हैं। इनके पास 46.7 लीटर क्षमता के पांच सिलेंडर और दो चौपहिया वाहन बरामद हुए हैं। ये लोग 30 से 40 हजार रुपये प्रति सिलेंडर की दर से कालाबाजारी कर रहे थे। कई अस्पतालों के लोग इनसे सम्पर्क बनाये हुए थे। पुलिस ने बताया कि इनसे सम्पर्क रखने वालों के बारे में पता किया जा रहा है। अब तक ये लोग एक दर्जन से अधिक लोगों को सिलेंडर बेच चुके हैं। एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक आरोपियों से कुछ और लोगों के बारे में पता चला है जो इनकी मदद में रहते थे। इनके खिलाफ तथ्य जुटते ही और कार्रवाई की जायेंगी।

 गोमतीनगर विस्तार के एसआई विनोद यादव के मुताबिक पकड़े गये आरोपियों में दिल्ली निवासी इकराम अली और विश्वासखण्ड निवासी आयुष शुक्ला शामिल है। ये लोग नाइट्रोजन गैस सप्लाई करने की पर्ची बनवा कर रखे हुए थे। इसकी आड़ में ही ऑक्सीजन गैस सिलेंडर की सप्लाई कर रहे थे। इनके पास 10 भरे सिलेंडर और आठ छोटे खाली सिलेंडर बरामद हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *