कई दिग्गज नेताओं के बीवी, बेटे और बहुओं की हार 

 लखनऊ 
जौनपुर में मिस इंडिया रनर अप-2015 दीक्षा सिंह जिला पंचायत वार्ड का चुनाव हार गईं। बलिया में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी के बेटे भी चुनाव हार गए। भाजपा नेता पूर्व सांसद बब्बन राजभर अपने भाई लल्लन राजभर को सीयर क्षेत्र पंचायत के गजियापुर से प्रधान का चुनाव नहीं जिता सकें। यह खबरें हांडी में पके चावल के महज दो-चार दाने ही हैं। सांसदों, विधायकों व बड़े नेताओं के परिजनों के हारने की ऐसी खबरें प्रदेश के हर जिले से आ रही हैं। 
इसके विपरीत कुछ दिग्गज नेता ऐसे भी हैं जो अपनी साख पंचायत चुनाव में भी बचाए रखने में सफल हुए हैं। गांवों की जनता ने दिग्गजों के कामकाज को तौलने के बाद उनके परिजनों को नेता मानने या खारिज करने पर अपनी मुहर लगाई है। 
 
जौनपुर के जिला पंचायत वार्ड 26 में मिस इंडिया रनर अप रहीं दीक्षा सिंह ने पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ा। वह चुनाव के दौरान लगातार सुर्खियों में बनी रहीं। इस वार्ड के जनता ने विकास के लिए दीक्षा सिंह के ग्लैमरस छवि को पूरी तरह नकार दिया। इस वार्ड से दिवंगत भाजपा नेता राजमणि सिंह की भतीजी नगीना सिंह चुनाव जीत गईं। इसी जौनपुर की जनता ने पूर्व सासंद बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला को जिला पंचायत सदस्य चुनने का काम किया है। संभव है श्रीकला जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मजबूत दावेदारी करें। भाजपा से राज्यसभा सांसद नीरज शेखर के रिश्तेदार आलोक सिंह सीयर क्षेत्र पंचायत के मझौवा से क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) का चुनाव हार गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *