लॉकडाउन के दौरान टहलते दिखे अनिल अंबानी, गोल्फ कोर्स बंद

 सतारा 
मशहूर कारोबारी अनिल अंबानी का टूरिस्ट प्लेस महाबलेश्वर में टहलते हुए एक वीडियो वायरल होने के बाद अब नगर निकाय प्रशाल ने गोल्फ कोर्स को बंद करने को कहा है। दरअसल, अंबानी लॉकडाउन के दौरान घूमते-टहलते नजर आए जिसके बाद यह आदेश दिया गया है। महाराष्ट्र में लॉकडाउन जैसी स्थिति के तहत टहलना-फिरना प्रतिबंधित है। अंबानी अपनी पत्नी टीना अंबानी और बच्चों के साथ महाबलेश्वर पहुंचे हुए थे।

महाबलेश्वर परिषद की प्रमुख अधिकारी पल्लवी पाटिल ने चेतावनी दी कि अगर गोल्फ कोर्स मौजूदा  पाबंदियों के दौरान लोगों को सुबह या शाम में टहलने के लिए आने से नहीं रोकता है तो आपदा प्रबंधन अधिनियम और महामारी रोग अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पाटिल ने कहा, 'मैदान में परिवार के कुछ सदस्यों के साथ अनिल अंबानी के टहलने का वीडियो सोशल मीडिया पर आया। वीडियो का वेरिफिकेशन करने के बाद हमने ग्राउंड के मालिक को नोटिस जारी किया और उसे सुबह या शाम में लोगों को वहां टहलने के लिए आने देने से रोकने का निर्देश दिया।'

उन्होंने कहा कि नोटिस जारी करने के बाद इस मैदान को बंद कर दिया गया है और लोगों एंट्री पर रोक लगा दी गई है। ब्रिटिशयुगीन यह गोल्फ कोर्स सदाबहार वन के बीच है। हालांकि, एक अधिकारी ने बताया कि अंबानी हाल की लॉकडाउन जैसी पाबंदियों लगने से पहले महाबलेश्वर आए थे और वह यहां एक बंगले में रह रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *