पैट कमिंस ने बदला अपना मन नहीं देंगे दान 

 नई दिल्ली 
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) फ्रेंचाइजी टीम की ओर से खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने साफ किया है कि उन्होंने कोविड-19 महामारी के खिलाफ जंग के सपोर्ट में भारत को राशि दान की है, वह पीएम केयर्स फंड में नहीं दी है। कमिंस ने कहा कि उन्होंने 50 हजार डॉलर का दान यूनिसेफ ऑस्ट्रेलिया की भारत कोविड-19 संकट अपील को दिए हैं। कमिंस ने एक हफ्ते पहले यह राशि पीएम केयर्स कोष में देने का वादा किया था।

भारत बेहद गंभीर स्वास्थ्य संकट से जूझ रहा है और 27 साल के तेज गेंदबाज ने कोविड के बढ़ते मामलों से जूझ रहे अस्पतालों में ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए सोमवार को दान देने की घोषणा की थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) की यूनिसेफ ऑस्ट्रेलिया को वित्तीय सहायता के बाद लगता है कि कमिंस ने अपना मन बदल लिया है। कमिंस ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, 'शानदार काम किया क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, मैंने अपना दान यूनिसेफ ऑस्ट्रेलिया की भारत कोविड-19 संकट अपील को दिया है। अगर आप कर सकते हैं तो कृपया करके अन्य लोगों की तरह https://india.unicef.org.au/t/australian-cricket पर सहयोग दें।'
 
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कोविड-19 की दूसरी लहर के खिलाफ भारत की लड़ाई में सोमवार को 50 हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की सहायता देने का वादा किया था और साथ ही कहा था कि वे अपने खिलाड़ी संघ और यूनिसेफ के सहयोग से और कोष जुटाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *