राजधानी में अवैध संचालन को लेकर कवायद, वाहन चैकिंग में अब चेचिस और इंजन नंबर भी होंगे चेक
भोपाल
राजधानी सहित पूरे प्रदेश में यात्री बसों और कॉमर्शियल वाहनों का अवैध परिवहन रोकने के लिए परिवहन विभाग अब वाहनों की नंबर प्लेट के साथ ही चेचिस और इंजन नंबर भी चेक करेगा। शहर में फिलहाल कोरोना कर्फ्यू लागू है। ऐसे में इसके हटने के बाद राजधानी के बस आॅपरेटरों पर सख्ती से कार्रवाई की कार्ययोजना तैयार की गई है।
बताया जा रहा है कि अवैध वाहन संचालन के बाद दुर्घटना के वक्त नंबर प्लेट का मिलान के चेचिस और इंजन नंबर से नहीं मिलने से प्रभावित यात्रियों को बीमा क्लेम दिलवाने जाने में काफी मुश्किल होती है। साथ ही राज्य सरकार को भी राजस्व का घाटा होता है। विभागीय सूत्रों की मानें तो कई आॅपरेटर एक नंबर प्लेट की दो-दो गाड़ी संचालित करके विभाग को लाखों रुपए के टैक्स का चूना लगाती है। ऐसे में इस तरह से चैकिंग होने पर ऐसे मामले भी सामने आएंगे, जिससे सरकार जुर्माना वसूलेगी।
बताया जा रहा है कि ढाई साल पहले भोपाल-शमशाबाद रोड पर बस दुर्घटना के बाद हुई पड़ताल में परमिट व नंबर प्लेट का मिलान नहीं हो सका था। इस वजह से घायल यात्रियों को बीमा क्लेम में खासी मशक्कत करनी पड़ी थी। इसी परेशानी को देखते हुए परिवहन विभाग ने उड़नदस्ता सहित अन्य अफसरों को निर्देश जारी किए हैं। आरटीओ संजय तिवारी का कहना है कि वाहनों की जांच में इस तरह की कार्रवाई को शुरू करने के संंबंध में निर्देश दिए जाएंगे। कर्फ्यू हटने के बाद इस संबंध में संख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में ट्रांसपोर्ट कमिश्नर मुकेश जैन ने परिवहन विभाग के सभी आरटीओ, चैकिंग उड़नदस्ता व कर्मचारियों को बीते दिनों निर्देश दिए गए कि वे वाहन चैकिंग के दौरान बसों की चेचिस जरूर देखें। इस संबंध में आला अधिकारियों के निर्देश पर गाइडलाइन बनाई जा रही है, ताकि सभी जिम्मेदार अफसर उसका पालन कर सकें।
