बिहार में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की उपलब्धता: शाहनवाज
पटना
कोरोना संकट के दौरान ऑक्सीजन संकट से उबरने को सरकार ने कई कदम उठाए हैं। उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन का कहना है कि बिहार में पूर्व में केवल 11 ऑक्सीजन रिफिलिंग प्लांट कार्यरत थे। बीते दो सप्ताह में विशेष प्रयास से आठ नए रिफिलिंग प्लांट शुरू कराए गए हैं। इनमें से चार पटना, दो बेगूसराय, दो औरंगाबाद, दो भागलपुर, दो मुजफ्फरपुर, एक नालंदा, एक गया, एक दरभंगा, एक पूर्वी चंपारण, एक पूर्णिया, एक गोपालगंज और एक समस्तीपुर में संचालित है। कहा कि फिलहाल राज्य में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की उपलब्धता है।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि समस्तीपुर में एक नया प्लांट अगले दो दिनों के शुरू हो जाएगा। कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बिहार को 214 मीट्रिक टन (एमटी) ऑक्सीजन का आवंटन दिया गया है। जिसमें से 14 एमटी का एयर सिपरेशन यूनिट से प्राप्त करने का निर्देश है, जो कि राज्य के अंतर्गत संचालित इकाइयां हैं। बताया कि 15 अप्रैल को एलएमओ आपूर्ति जहां केवल 16 टन थी, वहीं आज बढ़कर 160 एमटी हो गई है। इसके अतिरिक्त आइओसीएल से चार में से तीन मिल गए हैं। एक टैंकर रात तक प्राप्त होने की संभावना है। तब 60 टन और परिवहन की क्षमता में वृद्धि हो जाएगी।
