कोरोना काल में हिट कर गई ऑनलाइन तरकारी सेवा

पटना 
कोरोना काल में सहकारिता विभाग की ऑनलाइन तरकारी सेवा हिट कर गई। पटनावासियों ने सरकार की इस योजना को हाथों-हाथ ले लिया। मात्र 48 घंटे में योजना की वेबसाइट लगभग 40 हजार बार हिट हुई है। 24 घंटे में लगभग 12 सौ ऑर्डर देने वालों को सब्जी पहुंचाई गई। लेकिन इसी बीच कुछ लोगों के मजाक से विभाग की परेशानी भी बढ़ गई है। सहकारिता विभाग के अधीन काम करने वाली वेजफेड संस्था ने पटना और मोतिहारी में ऑनलाइन सब्जी की आपूर्ति शुरू की है। सब्जियों की कीमत भी बाजार भाव से कम है। साथ में सब्जियों में ना तो कृत्रिम रंग डालने की गुंजाइश है और न ही किसी अन्य प्रकार की मिलावट की। सरकार की निगरानी में यह संस्था पटनावासियों को उनके घर तक ताजी सब्जी पहुंचा रही है। संस्था अपनी वेबसाइट www. tarkaarimart.in पर ऑनलाइन ऑर्डर लेकर घर-घर सब्जी पहुंचा रही है। 

वेबसाइट 8 बजे दिन से 8 बजे रात तक खुली रहती है। दो दिन पहले सहकारिता सचिव वंदना प्रेयसी ने पहला ऑडर बुक कर योजना की शुरुआत की थी। कोरोना काल में जो लोग घर से नहीं निकलना चाहते हैं उनके लिए यह बेहतर विकल्प है। इसी बीच शहर के कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिनके कारण संस्था के लोग परेशान हो गये हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने की पहल अब विभाग करेगा। उन पर काम में बाधा डालने का आरोप लग सकता है।

विभाग के अनुसार,  कुछ लोग ऑर्डर दे देते हैं और सब्जी ले जाने वाले को यह कहकर टरका देते हैं कि उन्होंने ऐसा कोई ऑर्डर नहीं किया है। जब उन्हें मोबाइल पर ऑर्डर दिखाया जाता है तो कहने लगते हैं कि वह ट्रायल कर रहे थे।  विभाग ने इस विषम परिस्थिति में आगे से ऐसा मजाक करने वालों पर कार्रवाई करने की योजना बनाई है।

कोरोना काल में विभाग ने शहरवासियों के लिए बेहतर विकल्प दिया है। लोगों ने इसे समझा भी है। इसका विस्तार आगे दूसरे शहरों में भी होगा। जो शरारती तत्व इसमें बाधा डालेंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। 
-आनंद शर्मा, एमडी, वेजफेड सह संयुक्त सहकारिता सचिव 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *