उजड़ने लगे घर, अपनों की मौत के सदमे में परिजन गंवाने लगे जान
बिंद हरनौत(बिहारशरीफ)
बिहार में कोरोना का कहर अब संक्रमित लोगों के परिजनों पर भी बरपने लगा है। परिजनों की मौत से पहले ही लोग सदमे में जी रहे हैं। अब तो सदमे में मृतकों के अन्य नजदीकी रिश्तेदार भी जान गंवाने लगे हैं। इससे लोगों के घर उजड़ने लगे हैं।
बिहारशरीफ के बिंद के कथराही गांव में बैंककर्मी बेटे के बाद उनके पिता तो हरनौत में शिक्षक भाई के बाद बहन की कोरोना से मौत हो गयी। इनके अन्य परिजनों की भी हालत गंभीर बनी हुई है। इससे इन गांवों में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है। कथराही में तो बेटे की मौत की खबर सुनते ही माता-पिता की तबीयत खराब हो गयी थी। इससे पिता की शुक्रवार को मौत हो गयी। जबकि, माता गंभीर रूप से बीमार हैं।
बिन्द के कथराही गांव मे कोरोना के कहर से एक परिवार का घर उजड़ गया। दो दिनों के अंतराल में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। दो दिन पहले बेटे की मौत हुई थी। शुक्रवार को पिता की मौत हो गयी। जबकि, इस परिवार के एक महिला सदस्य की हालत गंभीर है। परिजनों के क्रंदन से घर में कोहराम मचा है। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। लोगों की आंखें नम हैं।
