असम में BJP को बढ़त, केरल में लेफ्ट आगे
नई दिल्ली
कोरोना काल में हुए सबसे बड़े चुनावी मुकाबले के वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। बंगाल में बीजेपी और टीएमसी के बीच रुझानों में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। वहीं असम में बीजेपी रुझानों में आगे चल रही है। 29 अप्रैल को बंगाल में 8वें और आखिरी राउंड के मतदान के बाद आए एग्जिट पोल्स में बीजेपी और टीएमसी के बीच कड़ा मुकाबला बताया गया था, जिसके बाद से नतीजों को लेकर रोमांच और बढ़ गया है। हालांकि असम में बीजेपी की सरकार एक बार फिर से बनने की बात कही गई है।
एग्जिट पोल्स में तमिलनाडु में एमके स्टालिन के नेतृत्व में डीएमके-कांग्रेस गठबंधन के स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने की भविष्यवाणी की गई है। वहीं केरल की बात करें तो लेफ्ट फ्रंट एक बार फिर से सत्ता में वापस आ सकता है। यहां कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को एक बार फिर से पराजित होना पड़ेगा। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में बीजेपी की सरकार बनने की उम्मीद जताई गई है। हालांकि एग्जिट पोल्स के नतीजे कितने सटीक हैं और चुनाव में मतदाताओं ने किसे सत्ता की चाबी सौंपी है, यह कुछ ही देर में स्पष्ट हो जाएगा। 8 बजे मतगणना शुरू होने के साथ ही पांचों राज्यों के रुझान आने लगेंगे।
