बीआरडी में नौ की मौत, 1076 संक्रमित मिले
गोरखपुर
गोरखपुर में कोरोना का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। संक्रमण रोकने के उपाय कारगर साबित नहीं हो रहे हैं। लगातार तीसरे दिन संक्रमितों की संख्या एक हजार के पार रही। शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के नमूनों की जांच में 1076 की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसमें 504 मरीज शहर के हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या 41494 हो गई है। शुक्रवार को बीआरडी मेडिकल कालेज में नौ संक्रमितों की मौत हो गई। इसमें आठ गोरखपुर के हैं। स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर भी सात मौतों की सूचना अपडेट हुई हैं। हालांकि विभाग ने चार मौतों की सूचना जारी की है। इसके साथ ही अब तक 445 की मौत हो चुकी है। 30741 स्वस्थ हो चुके हैं। 10308 सक्रिय मरीज हैं। सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय ने इसकी पुष्टि की है।
गोरखपुर के भैंसहा निवासी 45 वर्षीय, बसंतपुर के 81, गिटहा के 45, दीवान बाजार के 42, सहजनवां के 34 वर्षीय व्यक्ति बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती थे। शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। इसी वार्ड में जिले के 73 वर्षीय, खेरी के 45 वर्षीय व्यक्ति व पिपराइच के नबीपुर निवासी 26 वर्षीय युवती ने भी अंतिम सांस ली। महराजगंज के 55 वर्षीय व्यक्ति की भी मौत हो गई।
