पटना महावीर मंदिर जरूरतमंदों को मुफ्त में दे रहा ऑक्सीजन 

पटना। 
बिहार की राजधानी पटना रेलवे स्टेशन के पास स्थित सुप्रसिद्ध महावीर मन्दिर की ओर से कोरोना के गंभीर मरीजों के लिए निःशुल्क ऑक्सीजन वितरण की शुरुआत की गई। शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे पटना के श्रीकृष्णानगर मुहल्ला निवासी 72 वर्षीय दीपक कुमार सिन्हा के परिजनों को पहला ऑक्सीजन सिलेंडर भरकर दिया गया। महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने इस कार्य का शुभारंभ किया। 

महावीर मन्दिर के आधिकारिक वेबसाइट mahavirmandirpatna.org पर सुबह सात बजे से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हुई जो देर शाम तक जारी रही। बुकिंग के बाद जारी स्लिप के साथ मरीज के आधार कार्ड और निम्न ऑक्सीजन लेवल दर्शाती मेडिकल पर्ची की छायाप्रति जमा करने पर ऑक्सीजन सिलेंडर की रिफिलिंग हो रही है। आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि महावीर मन्दिर की ओर से मानवता की सेवा का यह कार्य पूरी तरह निःशुल्क है। महावीर मन्दिर ट्रस्ट ने ऑक्सीजन प्लान्ट बिठाने के लिए पूरे देश में सम्पर्क किया, किन्तु किसी ने चार महीने के पहले इसे क्रियान्वित करने का आश्वासन नहीं दिया। अतः स्थानीय स्तर पर ऑक्सीजन सस्ते में प्रबंध कर मुफ्त वितरण का निर्णय लिया गया। प्रतिदिन जितनी ऑक्सीजन की प्राप्ति होगी उसी के अनुरूप वितरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *