बिहार में कोरोना के कहर के बीच आज से इन 14 जिलों में हीट वेव के आसार

पटना 

बिहार में जारी कोरोना सेकेंड वेव के बीच अब सूबे के 14 जिलों में आज यानी सोमवार से हीट वेव जैसे हालात बनने के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य के दक्षिणी मध्य और दक्षिणी पश्चिमी जिलों में पारा 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। गर्म पछुआ की वजह से लू की स्थिति बने रहने की आशंका है। 

हालांकि उत्तर बिहार में अधिकतम तापमान सामान्य से आंशिक ऊपर रहेगा लेकिन दक्षिण बिहार की अपेक्षा कम गर्मी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से दक्षिण बिहार के लोगों को गर्मी से सचेत रहने को कहा गया है। हीट वेव से प्रभावित होने वाले जिलों में पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद और अरवल शामिल हैं। इन जिलों में सुबह दस बजे से लेकर शाम पांच बजे तक गर्म हवाओं की स्थिति बनी रह सकती है। मौसमविदों ने दोपहर में बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

रविवार को अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में आंशिक बदलाव देखा गया। पटना का अधिकतम पारा सामान्य से दो डिग्री ऊपर रहा। आठ से दस किमी की रफ्तार से पछुआ चली। हवा में गर्मी देखी गई। गया में भी अधिकतम पारा आंशिक रूप से नीचे आया। भागलपुर में भी अधिकतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग की ओर से 14 अ्प्रैल से दक्षिण बिहार में आंधी-पानी का पूर्वानुमान जताया गया है। दरअसल हीट वेव की स्थिति के बाद 14 अप्रैल से राज्य के दक्षिण भाग में पुरवा बहने के आसार हैं, जिससे गरज वाले बादल बनेंगे। 30 से 40 किमी की तेज रफ्तार से हवा चलेगी और आंधी के बाद बारिश की स्थिति बनेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *