बिहार में कोरोना बेकाबू: 48 घंटे में मिले 7200 से ज्यादा Covid- 19 पेशेंट्स, 12 ने गंवाई जान

पटना 
बिहार में कोरोना संक्रमण की स्थिति भयावह होती जा रही है। कोरोना के रोजाना मिलने वाले आंकड़े अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ने में लगा है। 48 घंटे में कोविड-19 मरीजों की संख्या 7200 पार करते हुए 7225 पर पहुंच गया है वहीं 12 मरीजों ने अबतक इलाज के दौरान अपनी जानें गंवाई है। रविवार तक कुल सक्रिय संक्रमितों में करीब 50 फीसदी संक्रमितों की पहचान पिछले 48 घंटे में हुई है।

इसके साथ ही राज्य में कोरोना के सक्रिय संक्रमितों की संख्या 14,695 पर पहुंच गई है। इनमें 3756 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान रविवार को हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में अब तक कोरोना से 2 लाख 83 हजार 229 व्यक्ति संक्रमित हो चुके हैं, वहीं सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 1610 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।

राज्य में चलाए जा रहे कोरोना जांच अभियान के दौरान रविवार को 3756 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई। इसके पूर्व गत वर्ष 14 अगस्त को 3911 नए संक्रमितों की पहचान एक दिन में हुई थी। करीब साढ़े सात महीने के बाद फिर अधिकतम संक्रमितों की पहचान की गई है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 1053 कोरोना संक्रमित इलाज के बाद स्वस्थ हो गए, जबकि छह कोरोना संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गयी। राज्य में कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 94.24 फीसदी रही। वहीं, राज्य में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 14,695 हो गई। 
 
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पटना सहित राज्य के आठ जिलों में कोरोना के सौ से अधिक संक्रमितों की पहचान की गई। पटना में सर्वाधिक 1382 नए कोरोना संक्रमित मिले। बेगूसराय में 113, भागलपुर में 302, गया में 290, जहानाबाद में 165, मुंगेर में 102, मुजफ्फरपुर में 191 और सीवान में 108 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई। शेष जिलों में भी कोरोना के नए संक्रमितों की पहचान की गई।  स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में अब तक कोरोना से 2 लाख 83 हजार 229 व्यक्ति संक्रमित हो चुके हैं, जबकि इनमें से 2 लाख 66 हजार 923 व्यक्ति इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना संक्रमित 1610 मरीजों की अब तक इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। हालांकि इन दो दिनों में यानी शनिवार और रविवार को राज्य में कुल 1 लाख 95 हजार 135 सैम्पल की कोरोना जांच की गई। रविवार को 99 हजार 23 सैम्पल और शनिवार को 95 हजार 112 सैम्पल की कोरोना जांच की गई थी। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *