लॉकडाउन :180 स्थानों पर बेरिकेडिंग, चप्पे-चप्पे पर पुलिस पड़ताल

भोपाल
राजधानी में कोरोना संक्रमण को कंट्रोल करने के लिए शहर में 60 घंटे और कोलार इलाके में 9 दिन का सख्त लॉकडाउन जारी है। संक्रमण की दूसरी लहर बहुत तेजी से फैल रही है। ऐसे में शहर में लोगों को घर से बाहर नहीं निकले की हिदायत दी गई है। शहर के करीब 180 प्रमुख मार्गों व चौराहों पर पुलिस ने बेरिकेडिंग कर पहरेदारी की जा रही है। पुलिस जरूरी काम वालों के अलावा आवागमन करने वालों को रोक रही है। कई स्थानों पर लोगों पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने के प्रकरण भी दर्ज किए जा रहे हैं। पूरे शहरी इलाकों में लगभग 2000 से अधिक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सड़कों पर उतरकर लोगों को आवागमन करने से रोक रही है। उन्हें लॉकडाउन का पालन करवा रही है।

राजधानी सहित कोलार इलाके में लंबे समय के लिए लॉकडाउन लगने के कारण पुलिस की सख्ती जारी है। जिला प्रशासन के निर्देश पर सुबह 7 से 10 बजे तक दूध और अखबार बांटने के लिए छूट दी गई है। इस कारण सड़कों पर कुछ हद तक चहल-पहल दिखी। इसके बाद पुलिस की सख्ती देखी गई। सड़क पर बिना काम के निकलने वालों पर जुर्माना और प्रकरण भी दर्ज किए गए। कई जगह लोगों को समझाइस देकर वापस घर भेजा गया।

इधर, शहर में लगातार कोरोना पॉजीटिव मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। कल शाम छह बजे से शहर में टोटल लॉकडाउन लगा दिया गया है, ताकि संक्रमण कम हो सके। ऐसे में जिला प्रशासन लगातार समीक्षा कर रहा है। यदि अब केस बढ़े, तो शहर के कुछ और इलाकों में कंटेनमेंट क्षेत्रों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। इसके लिए आज शाम को समीक्षा बैठक होगी। वर्तमान में कंटेनमेंट इलाकों की संख्या में वृद्धि करने के लिए सर्वे जारी है। जिला प्रशासन ने कोलार और शाहपुरा इलाके में कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। जल्द ही पुराने शहर सहित नए शहर के कुछ इलाकों को भी इसमें शामिल किया जा सकता है।

जिला प्रशासन के निर्देश पर कल शाम से ही कोलार इलाके में लॉकडाउन को सख्ती से लागू किया गया। कोलार में आवागमन करने वाले करीब आधा दर्जन मार्गों को पूरी तरह से बेरीकेट्स लगाकर बंद कर दिया गया। मुख्य कोलार रोड को ही आवागमन के लिए खोला गया है। इस मार्ग में भी हर एक-डेढ़ किलोमीटर में बेरीकेड्स लगाकर पुलिस की चैकिंग लगाई गई है। इसके अलावा कोलार की अंदरुनी कॉलोनियों और बस्ती में आवागमन वाले मार्गों को भी बेरीकेट्स लगाकर बंद किया गया है। पुलिस भी लगातार पूरी इलाके में गश्त कर रही है, ताकि लोग बिना काम के बाहर ना निकलें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *