वोटिंग के दौरान सिताल्कुची में पुलिस फायरिंग में 4 लोगों की मौत

कूचबिहार
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में शनिवार को स्थानीय लोगों द्वारा हमला किए जाने के बाद सीआईएसएफ ने कथित तौर पर गोलियां चलाई जिसमें चार लोगों की मौत हो गई।

ऐसा आरोप है कि स्थानीय लोगों ने सीआईएसएफ जवानों की ‘‘राइफलें छीनने की कोशिश की।’’

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना सीतलकूची में हुई जब मतदान चल रहा था। उन्होंने बताया, ‘‘प्रारंभिक रिपोटरें के अनुसार एक गांव में अपने ऊपर हमला किए जाने के बाद सीआईएसएफ जवानों की गोलीबारी में चार लोग मारे गए। वहां झड़प हुई और

स्थानीय लोगों ने उनका घेराव कर दिया और उनकी राइफलें छीनने की कोशिश की जिसके बाद केंद्रीय बलों ने गोलियां चलाई। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।’’      

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने घटना पर जिले के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।     

पहली बार वोट डालने आए युवक की गोली मारकर हत्या

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में एक मतदान केंद्र के बाहर अज्ञात लोगों ने शनिवार को पहली बार वोट डालने आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।  तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस हत्या के पीछे भाजपा है जबकि भगवा पार्टी ने दावा किया कि पीड़ित युवक मतदान केंद्र पर पोलिंग एजेंट था और उसने इसके लिए राज्य में सत्तारूढ पार्टी को जिम्मेदार ठहराया।    

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आनंद बर्मन नाम के युवक को सिताल्कुची के पठानतुली इलाके में बूथ नंबर 85 के बाहर घसीटकर लाया गया और गोली मार दी गई। घटना के वक्त मतदान चल रहा था।  उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद तृणमूल और भाजपा समर्थकों में झड़प शुरू हो गई और मतदान केंद्र के बाहर बम फेंके जाने के कारण कई लोग घायल हो गए। केंद्रीय बलों को स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।    

एक निर्वाचन अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें सूचना मिली कि कूचबिहार जिले में सिताल्कुची में एक मतदान केंद्र के बाहर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमने पर्यवेक्षक से जल्द से जल्द रिपोर्ट देने को कहा है और हालात के बारे में जानकारी ली है।’’    

इलाके में पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) को तैनात कर दिया गया है। सिताल्कुची इलाके में ही कुछ दिनों पहले भाजपा के प्रदेश प्रमुख और सांसद दिलीप घोष पर हमला हुआ था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *