राजधानी भोपाल में 6 साल की मासूम से नाना-मामा ने किया गैंगरेप

भोपाल
राजधानी के कोलार इलाके में छह साल की मासूम के साथ उसके नाना और मुंह बोले मामा ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाते हुए गैंगरेप कर डाला। पड़ोस में रहने वाला मुंह बोला मामा उसे समोसे खिलाने का लालच देकर अपने घर ले गया था। जहां पहले से मौजूद मासूम के नाना ने उसके साथ ज्यादती की और फिर मामा ने उसका शोषण किया। घटना के सात दिन बाद जब मासूम को तकलीफ हुई तो उसने पूरी घटना अपनी मां को बताई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नाना और मुंहबोले मामा के खिलाफ गैंगरेप सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया। टीआई चंद्रकांत पटेल के मुताबिक छह साल की मासूम अपने परिवार के साथ कजलीखेड़ा इलाके में रहती है। इसी इलाके में उसका नाना व अन्य रिश्तेदार भी रहते हैं। परिवार के सभी लोग मजदूरी करते हैं। घर के पास ही रहने वाले संजय नाम के युवक को मासूम मामा कहकर बुलाती है।

समोसा खिलाने का दिया लालच
बीती 1 अप्रैल को बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी संजय समोसा देने के बहाने उसे अपने घर ले गया। मासूम जब वहां पर पहुंची तो उसका नाना पहले से ही मौजूद था। हमेशा की तरह नाना ने गोदी में बैठाकर मासूम को खिलाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद ही नाना की नियत खराब हो गई तो वह अपनी नातिन के प्रायवेट पार्ट्स से छेड़खानी करने लगा। बच्ची ने रोने की कोशिश की लेकिन उसे डांट-फटकार कर चुप करा दिया और फिर उसके साथ ज्यादती की। इसके बाद बच्ची के मुंहबोले मामा ने भी उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। बच्ची रोने लगी तो दोनों ने उसे पुचकार कर चुप कराया और बीस रुपए का नोट देकर उसे चुप करा दिया। डरी-सहमी हुई बच्ची ने भी अपने परिवार वालों को कुछ भी नहीं बताया।

तकलीफ हुई तो मां को बताई घटना
कल जब बच्ची को प्रायवेट पार्ट्स में तकलीफ हुई तो उसकी मां ने उससे पूछा। साथ ही यह भी पूछा कि तुम्हारे पास बीस रुपए कहां से आए। मां के पूछने पर मासूम ने पूरी बात बता दी। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे तथा मामले की शिकायत की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करने के बाद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि बच्ची उम्र बहुत कम है तथा घटना की भी एक हफ्ते पुरानी है इसलिए इस मामले में डॉक्टर की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *