कोरोना: अब मध्य प्रदेश ने सभी शहरों में वीकेंड लॉकडाउन का किया ऐलान
भोपाल
मध्य प्रदेश के सभी शहरों में शुक्रवार शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन का फैसला। राज्य में कोरोना के बढ़ते केसों के चलते यह फैसला लिया गया है। राज्य में सिर्फ शहरी क्षेत्रों में ही यह फैसला लागू होगा। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शुक्रवार को शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक प्रदेश के सभी शहरों में लॉकडाउन लागू रहेगा। इसके अलावा भविष्य में कुछ और सख्तियां भी लागू की जा सकती हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की मीटिंग के बाद उन शहरों को लेकर फैसले लिए जाएंगे, जहां केसों की रफ्तार अन्य क्षेत्रों के मुकाबले अधिक है। इससे पहलेे बुधवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ने के चलते राज्य के सभी शहरी इलाकों में 8 अप्रैल से नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में आगामी तीन महीनों तक हफ्ते में पांच दिन (सोमवार से शुक्रवार) ही कामकाज होगा। इस बारे में शिवराज सिंह चौहान ने खुद ट्वीट किया था, जिसमें लिखा था, 'कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए आज बैठक में कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में आगामी 3 महीने तक सप्ताह में 5 दिन (सोमवार से शुक्रवार), सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही कामकाज होगा। शनिवार-रविवार को ये बंद रहेंगे।'
भोपाल में हाई लेवल बैठक
कोरोना के हालात की समीक्षा के लिए भोपाल में सीएम हाउस में अहम बैठक हुई. इसमें सीएम शिवराज के साथ सीएस इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी विवेक जौहरी, पीएस मुख्यमंत्री, पीएस होम राजेश राजौरा, पीएस हेल्थ मौजूद थे. इनके साथ एडीजी इंटेलिजेंस, कमिश्नर भोपाल संभाग, आईजी भोपाल, कलेक्टर- डीआईजी भोपाल समेत बाकी अधिकारी उपस्थित थे. बैठक में कोरोना के ताजा हालात की समीक्षा की गयी और उसके बाद दो दिन के लॉक डाउन का फैसला किया गया.
सीएम शिवराज सिंह चौहान का बयान
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा हमने Covid 19 के हालात पर उच्च स्तरीय समीक्षा की है.पूरे मध्यप्रदेश में सभी शहरों में शुक्रवार शाम 6 बजे से लेकर सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा.हम बड़े शहरों में कंटेनमेंट एरिया भी बना रहे है, उसको भी बन्द किया जाएगा. क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप बैठकर फैसला लेंगे. एक तरफ हम इलाज की सारी व्यवस्थाएं कर रहे हैं. बिस्तरों की संख्या को बढ़ाकर 1 लाख किया जाएगा. भोपाल में पीपुल्स और जे के अस्पताल को लिया गया है. निशुल्क उपचार में जहां गुंजाइश है हम वहां व्यवस्था करने कसर नहीं छोड़ेंगे. सीएम ने बताया कि भिलाई से ऑक्सीजन लेना शुरू कर दिया है. इंजेक्शन भी खरीद रहे हैं दवाइयों की कमी ना रहे इसका भी प्रबन्ध किया जाएगा. आज देश में सवा लाख से ज्यादा मामले आए हैं. कई राज्यों की हालत खराब है. सीएम ने कहा आज रात में फिर से मैं सभी जिलों के कलेक्टर सहित सभी से चर्चा करूंगा. उसके बाद कल वर्चुअल कैबिनेट बैठक भी करूंगा. सांसद विधायकों से भी चर्चा करूंगा. कोरोना के हालात पर हम हर पल नज़र रखे हुए हैं. स्थिति को देखते हुए फैसले लिये जाएंगे.
सरकारी दफ्तरों में फाइव डे वीक
इससे पहले बुधवार को सीएम आवास पर हुई हाईलेवल बैठक में राज्य के सभी सरकारी कार्यालय अगले तीन महीनों तक हफ्ते में पांच ही दिन खोलने का फैसला किया गया था. दफ्तरों का टाइम बढ़ाकर सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 से शाम 6 बजे तक कर दिया गया है. शनिवार और रविवार को सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे.
शहरी इलाकों में नाइट कर्फ्यू
प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में 8 अप्रैल से अगले आदेश तक रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू भी लगाया गया है. शनिवार-रविवार टोटल लॉकडाउन रहेगा. इस दौरान किसी भी तरह की दुकान या प्रतिष्ठान खोलने पर पाबंदी होगी और ऐसा नहीं करने पर प्रशासन सख्ती बरतेगा.सिर्फ दूध-दवा जैसी आवश्यक सेवाओं पर छूट रहेगी.
मध्य प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 4,043 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 3,18,014 तक पहुंच गई। राज्य स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटों में इस महामारी से प्रदेश में 13 और व्यक्तियों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक इससे मरने वालों की संख्या 4,086 हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बुधवार को कोविड-19 के 866 नये मामले इंदौर में आये, जबकि भोपाल में 618 नये मामले सामने आए।
