कोरोना: न्यूजीलैंड ने लगाई भारतीय यात्रियों की एंट्री पर रोक 

 वेलिंगटन  
न्यूजीलैंड ने भारत से आने वाले यात्रियों की एंट्री पर रोक लगा दी है। गुरुवार को न्यूजीलैंड की पीएम जेसिंडा अर्डर्न ने इस अस्थायी रोक का ऐलान किया है। जेसिंडा अर्डर्न ने कहा कि 11 अप्रैल से भारत से आने वाले लोगों की एंट्री पर रोक होगी। कोरोना केसों में तेजी से हो रहे इजाफे के चलते न्यूजीलैंड ने यह फैसला लिया है। इससे पहले भी न्यूजीलैंड कई अन्य देशों के यात्रियों की एंट्री पर रोक लगा चुका है। पहले भी न्यूजीलैंड ने भारतीयों की एंट्री पर रोक का फैसला लिया था, लेकिन फिर उस फैसले को वापस ले लिया गया था। अब एक बार फिर से नई लहर के चलते यह फैसला लिया गया है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक न्यूजीलैंड के अपने नागरिकों की एंट्री पर भी इस दौरान रोक रहेगी, जो भारत से आ रहे होंगे। यह रोक 11 अप्रैल को शाम 4 बजे से 28 अप्रैल तक लागू रहेगी। इस दौरान सरकार यात्रा के दौरान रिस्क मैनेजमेंट को मजबूत करने के लिए काम करेगी। न्यूजीलैंड की ओर से यह अस्थायी बैन ऐसे समय में लगा रहा है, जब बीते कई दिनों से भारत में हर दिन 1 लाख से ज्यादा नए कोरोना केस मिल रहे हैं। 

देश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा अब 1.2 करोड़ से ज्यादा का हो गया है। भारत में दूसरी लहर का कहर बीते करीब एक महीने से पहली लहर से भी कहीं ज्यादा हो गया है। मुंबई से लेकर दिल्ली तक तमाम शहरों में पाबंदियों के दिन लौट आए हैं। कहीं कोरोना से निपटने के लिए लॉकडाउन लागू किया गया है तो कहीं नाइट कर्फ्यू और धारा 144 जैसी पाबंदियों को लागू किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *