पंजाब में 30 अप्रैल तक लगा नाइट कर्फ्यू

 चंडीगढ़ 
पंजाब सरकार ने राज्य में 30 अप्रैल तक के लिए नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। यह कर्फ्यू प्रदेश के सभी जिलों में लागू होगा। नाइट कर्फ्यू रात को 9 बजे से शुरू होगा और सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। इससे पहले नाइट कर्फ्यू प्रदेश के 12 जिलों में ही 10 अप्रैल तक लागू था, लेकिन अब इस पूरे प्रदेश में लगाने का ऐलान किया गया है। बुधवार को सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कोरोना केसों की समीक्षा को लेकर बैठक हुई, जिसके बाद यह फैसला लिया गया था। बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पहले ही संकेत दिए थे और कहा था कि यदि लोग नहीं माने तो फिर 8 अप्रैल से सख्ती लागू की जा सकती है।

प्रदेश सरकार ने राजनीतिक आयोजनों पर पूरी तरह से रोक लगाने का आदेश दिया है। इसके अलावा किसी आउटडोर इवेंट में अधिकतम 100 लोग और इंडोर आयोजन में 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। पंजाब में बढ़ते कोरोना के केसों को लेकर केंद्र सरकार ने भी चिंता जताई है और कहा है कि राज्य में मिलने वाले 80 फीसदी केस यूके वैरिएंट के हैं, जो पहले से ज्यादा खतरनाक है और युवाओं को भी चपेट में ले रहा है। उत्तर भारत में पंजाब लगातार चिंता की वजह बना हुआ है। कहा जा रहा है कि प्रदेश में विदेशों से आने वाले लोगों की संख्या अधिक है और इसके चलते भी कोरोना का संक्रमण पैर पसार रहा है।

प्रदेश मे एक दिन में मिले 2,900 कोरोना केस
हालांकि तमाम उपायों के बाद भी पंजाब में कोरोना के केसों में इजाफा हो रहा है। मंगलवार को प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 2,900 नए केस सामने आए हैं, जबकि 62 लोगों की मौत हो गई। कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या प्रदेश में 25,913 हो गई  है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के चलते अब तक 7,216 नए केस सामने आए हैं। अब तक राज्य में कुल 25 लाख से ज्यादा कोरोना केस सामने आए हैं। केंद्र सरकार ने मंगलवार को पंजाब, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र जैसे राज्यों को बढ़ते केसों के चलते चिंता की वजह बताया था और टीमों को भेजने का ऐलान किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *