अपनों की लापरवाही से 120 बच्चे हुए कोरोना संक्रमित, प्रशासन ने जारी किया आंकड़ा

पटना 
कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों पर किए गए अध्ययन के बाद पता चला है कि इस बार बच्चों में संक्रमण होने का मुख्य कारण उनके परिवार के ही लोग हैं। विशेष सावधानी नहीं बरतने के कारण बच्चे अधिक बीमार हो रहे हैं। पटना में वर्तमान में 120 बच्चे इस बीमारी की चपेट में हैं। पिछले 3 दिनों में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले बच्चों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। प्रशासन द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार 3 दिन पहले 60 बच्चे बीमार थे, दूसरे दिन बीमार होने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर 80 हो गई, जबकि मंगलवार को 40 और बच्चों में संक्रमण मिला है। इस प्रकार बीमार होने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर 120 हो गई है। बीमार होने वालों में अधिकांश बच्चे 6 साल से 14 साल के बीच में हैं। 

पांच माह बाद सर्वाधिक 1080 नए संक्रमित मिले
राज्य में कोरोना महामारी को लेकर चलाये गए जांच अभियान के दौरान मंगलवार को पांच माह बाद अबतक के सर्वाधिक 1080 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई। 31 अक्टूबर 2020 को राज्य में सर्वाधिक 1018 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई थी। वहीं, पिछले 24 घंटे में कुल 81 हजार 314 सैम्पल की कोरोना जांच की गई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 4954 हो गयी। पिछले 24 घंटे में 267 संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो गए, जबकि 2 संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गयी। राज्य में कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 97.58 फीसदी रही। 

पटना में सर्वाधिक 486 नए संक्रमित मिले
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पटना में सर्वाधिक 486 नए संक्रमितों की पहचान की गई। जबकि अररिया में 12, औरंगाबाद में 21, भागलपुर में 61, बक्सर में 12, दरभंगा में 27, पूर्वी चंपारण में 16, गया में 41, गोपालगंज और जमूई में 10-10, जहानाबाद में 54, किशनगंज में 14, मुंगेर में 18, मुजफ्फरपुर में 60, नालंदा में 20, नवादा में 13, पूर्णिया में 16, रोहतास में 23, सारण में 11, शेखपुरा में 14, सीवान में 11, वैशाली में 17, पश्चिमी चंपारण में 18 नए संक्रमित मिले। शेष जिलों में 10 से कम संक्रमितों की पहचान हुई। 

2,63,849 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं
राज्य में कोरोना संक्रमण से 2 लाख 70 हजार 392 व्यक्ति संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें 2 लाख 63 हजार 849 संक्रमित इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना संक्रमित 1588 व्यक्तियों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *