प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये बनाये जा रहे हैं स्व-सहायता समूह

भोपाल

जन-जातीय कार्य मंत्री सुश्री मीना सिंह ने कहा है कि प्रदेश में राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये वचनबद्ध होकर कार्य कर रही है। राज्य में महिलाओं को आर्थिक रूप से निर्भर करने के लिये ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्व-सहायता समूह गठित किये जाते हैं। यह समूह स्कूली विद्यार्थियों के लिये गणवेश बनाने, बाँस एवं माटी से बाजार की माँग के अनुसार नये-नये शिल्पों का निर्माण, दीदी कैफे का संचालन और आजीविका केन्द्र का सफलतापूर्वक संचालन कर रहे हैं। मंत्री सुश्री मीना सिंह आज उमरिया जिले के पाली जनपद के ग्राम भिम्माडोंगरी में विकास कार्यों के भूमि-पूजन के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।

मंत्री सुश्री मीना सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये प्रदेश-भर में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिये नि:शुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। इसके लिये बड़ी संख्या में टीकाकरण केन्द्र बनाये गये हैं। उन्होंने ग्रामीणों से टीकाकरण कराये जाने का आग्रह किया। स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता की चर्चा करते हुए सुश्री मीना सिंह ने कहा कि प्रदेश में सी.एम. राइज स्कूल प्रारंभ किये जा रहे हैं। इन स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था के अलावा आने-जाने के लिये नि:शुल्क परिवहन की व्यवस्था भी की जायेगी। उन्होंने इस अवसर पर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उसके निराकरण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *