गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी को मिली जान से मारने की धमकी 

नई दिल्ली
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जान से मारने की धमकी भरा एक ई-मेल मिला है। इस मेल में सीएम योगी और अमित शाह को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस धमकी भरे मेल आने के बाद से सीआरपीएफ दफ्तर में हड़कंप मच गया। सीआरपीएफ समेत अन्य एजेंसियां सतर्क हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आत्मघाती हमलों से यूपी के सीएम और गृह मंत्री शाह को खत्म करने की धमकी देने वाला ईमेल सीआरपीएफ को कुछ दिन पहले मिला है। इसके अलावा, मेल के जरिए धार्मिक स्थलों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर हमले करने की भी धमकी दी गई है। 

सीआरपीएफ के थ्रेट मैनेजमेंट सिस्टम के जरिये यह ईमेल एनआईए समेत खुफिया एजेंसियों को सौंप दिया गया है। अब इस ईमेल के बाद तमाम एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। इस ईमेल में इस बात का जिक्र किया गया है कि देश के अंदर लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी छिपे हैं। इसके अलावा 3 राज्यों में 200 किलो हाई ग्रेड आरडीएक्स की बात भी इस मेल में की गई है। ईमेल में कहा गया है कि 11 से ज्यादा आतंकी और आत्मघाती हमलावर देश में ऐक्टिव हैं। इस ईमेल को भेजने वाला आखिर में लिखता है कि हम अज्ञात हैं, हम एक आर्मी हैं, हम माफ नहीं करते हैं, हम भूलते नहीं हैं, हमारा इंतजार करो।

 सीआरपीएफ डीजीपी कुलदीप सिंह ने कहा कि, हमने ईमेल को महाराष्ट्र और केंद्र की संबंधित एजेंसियों को भेज दिया है। वे इस पर काम कर रहे हैं और हम उनके निर्देशों के अनुसार काम करेंगे। बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब सीएम योगी को जान से मारने की धमकी दी गई हो। इससे पहले भी आगरा में पिछले साल नवंबर और दिसंबर में सीएम योगी धमकी देने के दो अलग-अलग मामले सामने आए थे।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *