यूपी पंचायत चुनाव के पुलिस सत्यापन में बड़ा खुलासा
प्रयागराज
प्रयागराज जिले में 748 ऐसे असलहा लाइसेंस धारक हैं जिनकी मौत हो चुकी है। आज भी इन मृतकों के नाम पर असलहे हैं। पंचायत चुनाव के मद्देनजर असलहों का सत्यापन कर रही पुलिस की जांच में इसका खुलासा हुआ है। इनका वरासत अभी तक नहीं हुआ है। पुलिस असलहों का सत्यापन कराकर हजारों असलहों को जमा करा चुकी है।
वैसे तो प्रयागराज में पहले 34 हजार से अधिक असलहा लाइसेंस धारक थे। सत्यापन के बाद पता चला कि कुल 28,231 लाइसेंस धारकों के पास कुल 28,878 शस्त्र हैं। इसके अलावा बाकी लोगों ने प्रयागराज से अपना ट्रांसफर करा लिया था। माफियाओं और अपराधियों पर हुई कार्रवाई के तहत 83 असलहों के लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं। सुरक्षा कारणों से कुछ लोगों को छोड़कर अन्य सभी शस्त्रधारकों को पुलिस ने असलहा जमा करने के लिए निर्देश दिया है। लोगों को चुनाव से पूर्व असलहा जमा करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। पंचायती चुनाव के मद्देनजर गावों में विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक अब तक लगभग 13 हजार असलहों को पुलिस स्टेशन व शस्त्र दुकानों में जमा कराया जा चुका है।
