क्या आप सलाम नहीं करेंगे..कमांडो ने मुठभेड़ में घायल साथी के जख्मों पर बांधी थी अपनी पगड़ी

रायपुर
बीजापुर मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कोब्रा कमांडो यूनिट के सिख जवान बलराज सिंह ने अपने एक साथी को बचाने के लिए अपनी पगड़ी खोलकर उसके जख्मों पर बांध दिया था। बाद में उन्हें भी गोलियां लगी और वे घायल हो गये। आज राज्य पुलिस के विशेष महानिदेशक आरके विज ने अस्पताल पहुंचकर बलराज सिंह को नई पगड़ी सौंपकर सम्मानित किया।

बीजापुर के जंगलों में तीन दिन पहले नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ से बहादुरी की कई कहानियां बाहर निकल रही हैं। बताया गया कि नक्सलियों द्वारा लगाए गए एम्बुश में फंसने के बाद जवानों ने मोर्चा संभालकर जवाबी फायरिंग शुरू की थी। तभी कोब्रा कमांडो दस्ते के अभिषेक पाण्डेय बुरी तरह जख्मी हो गये। जवानों के साथ ड्रेसिंग का कोई सामान नहीं था। ऐसे में अपने साथी को बचाने के लिए सिख जवान बलराज सिंह ने अपनी पगड़ी उतारकर अभिषेक के जख्मों पर बांध दिया। थोड़ी देर बाद खुद बलराज भी गोलीबारी की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गये। गंभीर घायल होने की वजह से उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राज्य पुलिस के स्पेशल डीजी आरके विज से नई पग पाकर बलराज सिंह दर्द में भी मुस्कुरा उठे। उन्होंने अपने अटेंडर से कहकर तस्वीर खिंचवाई। बताया जा रहा है कि विज पहले भी घायल जवानों से मुलाकात कर चुके हैं। इसी दौरान उन्हें बलराज सिंह की बहादुरी का पता चला था जिसके बाद उन्होंने बलराज सिंह को पग भेंट करने का सोचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *