देश में अब अमेरिका से भी अधिक मिल रहे केस
नई दिल्ली
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों ने सबके माथे पर बल ला दिया है। नए मामलों की रफ्तार इतनी तेज है कि भारत एक बार फिर अमेरिका से आगे निकल गया है। हर रोज आने वाले औसतन केस के आंकड़ों के अनुसार, भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश बन गया है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार, भारत में आने वाले कोरोना केस का औसतन आंकड़ा 65,623 पहुंच गया है। जबकि अमेरिका में ये आंकड़ा अभी 65,391 है। औसत मामलों के आंकड़ों में ब्राजील सबसे आगे है, जहां 75,534 केस मिल रहे हैं। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के उक्त आंकड़े एक हफ्ते के औसत के आधार पर तय किए गए हैं।
भारत में शनिवार को कोरोना के 89,129 नए मामले दर्ज किए गए, जो करीब साढ़े छह महीने में संक्रमण के एक दिन में आए सर्वाधिक मामले हैं। साथ ही देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 1.23 करोड़ हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। एक दिन में इस महामारी से 714 लोगों की मृत्यु हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,64,110 हो गई है। कोविड-19 से एक दिन में मरने वाले लोगों की 21 अक्तूबर के बाद से यह सबसे अधिक संख्या है।
पिछले साल 20 सितंबर के बाद से शनिवार को आए संक्रमण के नए मामले सबसे अधिक हैं। तब 24 घंटे में 92,605 नए मामले आए थे। आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते मामलों के साथ देश में इस बीमारी का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी लगातार 24वें दिन वृद्धि दर्ज की गई है। अब भी 6,58,909 लोग इस बीमारी का इलाज करा रहे हैं, जो संक्रमण के कुल मामलों का 5.32 प्रतिशत है। स्वस्थ होने वाले लोगों की दर गिरकर 93.36 प्रतिशत हो गई है।
