श्रेयस अय्यर के कंधे की सर्जरी 8 अप्रैल को, चार महीने मैदान से रहेंगे दूर

नई दिल्ली
 कंधे की चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी दो मैच और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से बाहर होने वाले भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की सर्जरी आठ अप्रैल को होगी. यह 26 साल का खिलाड़ी पुणे में 23 मार्च को खेले गये पहले एकदिवसीय में जॉनी बेयरस्टो के शॉट को डाइव लगाकर रोकने के प्रयास में चोटिल हुआ था. चोटिल होने के बाद वह काफी दर्द में दिखे और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा.

इस मामले की जानाकरी रखने वाले एक सूत्र ने कहा, श्रेयस अय्यर के चोटिल कंधे का आठ अप्रैल को ऑपरेशन होगा. अय्यर लगभग चार महीने तक खेल से दूर रहेंगे. उन्होंने इंग्लैंड की काउंटी टीम लंकाशर की तरफ से एकदिवसीय टूर्नामेंट खेलने का करार किया था. चोट के कारण 23 जुलाई से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में अब उनकी भागीदारी की संभावना कम है.

अय्यर ने पिछले सप्ताह ट्वीट किया था, ‘‘ वे कहते हैं, जितनी बड़ी निराशा होगी, वापसी उतनी ही मजबूत होगी. मैं जल्द ही वापसी करूंगा. मैं आपके संदेशों को पढ़ रहा हूं. आपके प्यार और समर्थन से अभिभूत हूं. दिल की गहराई से आप सब का शुक्रिया.’’

अय्यर की जगह पंत बने कप्तान
आईपीएल के आगामी सीजन में श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी ऋषभ पंत को सौंपी गई है. उन्हें अजिंक्य रहाणे, स्टीव स्मिथ, शिखर धवन और रविचंद्नन अश्विन जैसे खिलाड़ियों पर तरजीह देते हुए यह जिम्मेदारी मिली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *