दिल्ली कैपिटल्स को डबल झटका, कोरोना की चपेट में अक्षर पटेल

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग फ्रैंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स को टूर्नमेंट शुरू होने से पहले तगड़ा झटका लगा है। टीम के ऑलराउंडर अक्षर पटेल कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले चोट के कारण दिल्ली कैपिटल्स के नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर को आईपीएल से बाहर होना पड़ा था। एएनआई ने दिल्ली कैपिटल्स के सूत्रों के हवाले से बताया, दुर्भाग्यवश, अक्षर पॉजिटिव पाए गए हैं। वह इस समय आइसोलेशन में हैं और सभी प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स के बल्लेबाज नीतीश राणा के बाद अक्षर पटेल कोरोना से संक्रमित होने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। हालांकि गुरुवार को राणा की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई। राणा 22 मार्च को पॉजिटिव पाए गए थे। आईपीएल के 14वें एडिशन का आयोजन 9 अप्रैल से देश के 6 अलग अलग शहरों में होगा। पहले मुकाबले में मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा वहीं दिल्ली कैपिटल्स 10 अप्रैल को चेन्नै सुपरकिंग्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *