जिलों में कोरोना की रोकथाम के लिए राजधानी से रवाना हुए दल

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रातः स्मार्ट उद्यान में पौधा रोपण के अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में कहा कि प्रदेश के 4 जिलों खरगोन, बैतूल, छिंदवाड़ा और रतलाम में संक्रमण अधिक है, वहाँ राजधानी से दल रवाना किए गए हैं। इन जिलों में वरिष्ठ अधिकारी कोरोना संक्रमण के नियंत्रण की व्यवस्थाओं को देखेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि महाराष्ट्र के सीमावर्ती जिले छिंदवाड़ा में रोगियों की अधिक संख्या को देखते हुए संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण के लिए तीन दिन के लिए लॉक डाउन किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में संडे का लॉकडाउन जिन शहरों में पूर्व में रहा है वहाँ यथावत रहेगा।

परिवार के स्तर पर मनाएँ त्यौहार

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिस तरह नागरिकों ने "मेरी होली-मेरे घर" को चरितार्थ किया, उसी तरह रंग-पंचमी सहित अन्य आगामी त्यौहार सादगी से परिवार स्तर पर मनाएँ जाएँ। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी त्यौहार के जुलूस अथवा गेर का आयोजन नहीं होगा। सामूहिक रूप से पर्व त्यौहार नहीं मनाए जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए संयम आवश्यक है। जहाँ अधिक संख्या में संक्रमित रोगी हैं, वहाँ अस्पतालों में बेड संख्या भी बढ़ायी गई है। राज्य सरकार इस कार्य में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। सभी के प्रयासों से हम संक्रमण पर नियंत्रण कर लेंगे।

वैक्सीनेशन अभियान

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में एक अप्रैल से वैक्सीनेशन अभियान को तेज किया गया है। लगभग सभी जिलों ने लक्ष्य प्राप्त करने के प्रयास किए हैं। जनता से अपील है कि 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति प्राथमिकता से टीका अवश्य लगवाएँ। यह वेक्सीन संक्रमण से लड़ने की क्षमता विकसित करती है।

गाइड लाइन का पालन हो

मुख्यमंत्री चौहान ने अपील की है कि अन्य सावधानियों जैसे सोशल डिस्टेंसिंग, सेनेटाईजर के उपयोग के साथ ही नागरिक मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, जो कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सबसे प्रभावी माध्यम है। साथ ही सभी लोग कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन भी करें। जन-सहयोग से ही इस महामारी को पूरी तरह रोकने में सफलता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *