दमोह उपचुनाव: पंचमी के बाद जमेगा रंग, कांग्रेस में अंदरूनी कलह

भोपाल
दमोह विधानसभा उपचुनाव में भाजपा किसी भी मोर्चे को कमजोर नहीं छोड़ना चाहती। इसलिए चुनाव प्रचार में कांग्रेस से आगे निकली भाजपा ने पार्टी के सभी शीर्ष नेताओं को दमोह में चुनावी संपर्क का काम सौंप दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा चार अप्रेल से लगातार चार दिनों तक दमोह विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क कर कार्यकर्ताओं की बूथ और सेक्टर लेवल पर बैठकें करने वाले हैं। साथ ही वे चुनावी सभाओं को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अगले 15 दिनों में दमोह में चार चुनावी कार्यक्रम करने वाले हैं। इसमें रोड शो और चुनावी सभाएं शामिल रहेंगी।

भाजपा ने स्टार प्रचारकों के नाम घोषित किए जाने के बाद उनके चुनावी कार्यक्रम दमोह में तय करने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती दौर में रंग पंचमी पर्व के बाद खुद प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा संगठन के नेताओं और मंत्रियों गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह के साथ यहां के हर बूथ पर चुनाव जीतने का संकल्प दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच जाने वाले हैं। इसके बाद 9 अप्रेल को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और फग्गन सिंह कुलस्ते की चुनावी सभाएं तय हो चुकी हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के चलते भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का दमोह में चुनावी सभा या कार्यक्रम होने की उम्मीद कम है।

दमोह भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी ने बताया कि चुनाव प्रचार में कोरोना के चलते पार्टी ने पोलिंग को फोकस किया है। हर पोलिंग बूथ पर चार से पांच कार्यकर्ताओं की टोलियां बनाकर मतदाताओं से संपर्क करने की रणनीति पर काम हो रहा है और पोलिंग वार संपर्क कमेटियां काम कर रही हैं। चुनाव में कांग्रेस के सोशल मीडिया पर किए जाने वाले हर वार पर पलटवार करने की तैयारी भी भाजपा ने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *