उलूबेड़िया में PM मोदी ने ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा, दीदी की बौखलाहट बढ़ती जा रही
कोलकाता
पश्चिम बंगाल में आज विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण की वोटिंग जारी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो-दो रैली को संबोधित किया। आज उन्होंने उलूबेड़िया में भी एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि जैसे-जैसे 2 मई का दिन करीब आ रहा है, दीदी की बौखलाहट बढ़ती जा रही है। दीदी कभी मुझे बाहरी कहती हैं तो कभी टूरिस्ट। उनका गुस्सा देखकर मैं कभी-कभी सोच में पड़ जाता हूं। जिस बंगाल ने 'जय हिंद' का नारा दिया, 'वंदे मातरम' का उद्घोष किया, उस पवित्र धरती पर दीदी की इतनी संकीर्ण सोच।
ये चुनाव सिर्फ सत्ता के पॉरिबोर्तोन का नहीं है, बल्कि आशोल पॉरिबोर्तोन लाने का महायज्ञ है। ये चुनाव पश्चिम बंगाल की आकांक्षाओं का है, नौजवानों के आकांक्षाओं का है। किसानों के लिए दीदी का विजन क्या है? पीएम किसान सम्मान निधि पर रोक। हेल्थ सेक्टर के लिए दीदी का विजन क्या है? आयुष्मान भारत योजना पर रोक। अर्बन प्लानिंग के लिए दीदी का विजन क्या है? रेरा कानून को लागू करने पर रोक। हाउसिंग के लिए दीदी का विजन क्या है? पीएम आवास योजना की सुस्त रफ्तार, कटमनी। सुरक्षित पानी के लिए दीदी का विजन क्या है? हर घर जल मिशन के पैसे, फाइलों में दबाकर बैठ जाना।
