इस बार सबसे ज्यादा गर्मी दिल्ली-हरियाणा में पड़ेगी: भारतीय मौसम विभाग

नई दिल्ली
भारतीय मौसम विभाग ने अगले तीन महीनों के दौरान गर्मी को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। सबसे ज्यादा गर्मी दिल्ली-हरियाणा में पड़ेगी। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 0.62 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना व्यक्त की गई है। वैसे जम्मू-कश्मीर को छोड़कर उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने की आशंका जाहिर की गई है।

मौसम विभाग 2016 के बाद से लगातार गर्मियों का पूर्वानुमान जारी कर रहा है। बुधवार को अगले तीन महीनों अप्रैल-जून के लिए जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ संभाग में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी। यहां अधिकतम तापमान 0.62 डिग्री अधिक हो सकता है। पंजाब में गर्मियों में अधिकतम तापमान 0.56 डिग्री, पश्चिमी राजस्थान में 0.50 डिग्री पूर्वी राजस्थान में 0.37, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 0.43, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 0.19, उत्तराखंड में 0.31 तथा हिमाचल प्रदेश में 0.27 डिग्री तापमान अधिक रहेगा। 

विभाग ने यह भी कहा है कि दिल्ली-हरियाणा-चंडीगढ़ संभाग तथा पश्चिमी राजस्थान में ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना 100 फीसदी है। मौसम वैज्ञानिक राजेंद्र जेनामणि कहते हैं कि यदि अधिकतम औसत तापमान में आधे डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी होती है तो इसका प्रभाव लोगों को स्पष्ट महसूस होता है। 0.62 डिग्री की बढ़ोतरी का महत्व कितना है, इसे इस बात से भी समझा जा सकता है कि आज वैश्विक तापमान में करीब एक डिग्री की औसत बढ़ोतरी से हाहाकार मचा हुआ है। इसी प्रकार झारखंड में अधिकतम तापमान 0.27, ओडिशा में 0.35 तथा बिहार में 0.13 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है।

आईएमडी ने कहा कि दक्षिण भारत के अधिकतर हिस्सों, पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर, जम्मू-कश्मीर आदि क्षेत्रों में अधिकतम तापमान के सामान्य स्तर से कम रहने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर में अधिकतम तापमान औसत से 0.53 डिग्री कम रहने की संभावना व्यक्त की गई है। इसी प्रकार पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, केरल तथा कर्नाटक में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *