बीएससी नर्सिंग की वार्षिक परीक्षाएं आॅनलाईन कराने नेताम ने लिखा मुख्यमंत्री को खत

रायपुर
कोरोना के बढ़ते संकमण मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ में बीएससी नर्सिंग की वार्षिक परीक्षा को आॅन लाईन कराये जाने की मंशा व सुझाव देते हुए भाजपा सांसद रामविचार नेताम ने सूबे के मुखिया भूपेश बघेल को इस बारे में खत लिखा है। उल्लेखनीय है कि बीएससी नर्सिंग की परीक्षाएं अप्रैल-मई में प्रस्तावित हैं। विद्यार्थी केंद्रों पर जाकर परीक्षा देने के कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं।

नेताम ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति आयुर्विज्ञान और आयुष विश्वविद्यालय द्वारा नर्सिंग की परीक्षा आॅफ लाइन कराये जाने का निर्णय गलत है। पहले ही विद्यार्थी अपने पाठ्यक्रम के अध्ययन में 6 माह पीछे चल रहे हैं। इनकी आॅनलाइन पढ़ाई से शैक्षणिक समानता आ सकती है।

नेताम का कहना है, कोरोना महामारी की वजह से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। नर्सिंग के विद्यार्थी प्रदेश के विभिन्न गांवों और दूसरे राज्यों के निवासी हैं। इनके परीक्षा देने आने पर कोरोना संक्रमण का खतरा है। इसकी वजह से उनके अभिभावक भी चिंतित हैं। नेताम ने प्रदेश में संक्रमण की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से नर्सिंग की परीक्षा आॅनलाईन कराने को कहा है।

परीक्षा कार्यक्रम जारी होते ही विद्यार्थियों का विरोध शुरू हो गया था। नर्सिंग छात्रों का कहना था जब उनकी पढ़ाई आॅनलाइन हुई है तो परीक्षा आॅफलाइन क्यों हो रही है। जबकि संक्रमण का खतरा बढ़ते जा रहा है।

बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और एमएसी नर्सिंग पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 22 अप्रैल से शुरू हो रही हैं। यह परीक्षाएं 12 मई तक चलनी है। प्रदेश भर में बीएससी नर्सिंग परीक्षा के लिए 18 और एमएससी के लिए 9 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *